'
भोपाल लूटकांड पर सख्त हुए मंत्री विश्वास सारंग, बोले—दोषियों को नहीं बख्शेंगे
भोपाल लूटकांड पर सख्त हुए मंत्री विश्वास सारंग, बोले—दोषियों को नहीं बख्शेंगे
राजधानी भोपाल में बीते बुधवार रात रायसेन रोड पर दो महिलाओं के साथ हुई लूट की वारदात के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। घटना में घायल दोनों महिलाओं का इलाज वर्तमान में रोशन हॉस्पिटल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित महिलाओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान मंत्री सारंग ने उपस्थित डॉक्टरों से दोनों महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी भी ली।
मंत्री सारंग ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
साथ ही मंत्री सारंग ने पीड़ित महिलाओं के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और आरोपियों पर कठोरतम कार्रवाई करवाई जाएगी।
घटना के बाद से स्थानीय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।